भाजपा ने जिले की सभी सात सीटों को कब्जाकर बनाया रिकॉर्ड
लहरों का भी नहीं हुआ कोई असर
अलीगढ़ । जिले की सभी सात विधानसभा सीट लगातार दो बार जीतने बाद भारतीय जनता पार्टी ने एक नया रिकार्ड कायम किया है। इससे पहले 1977 में जनता पार्टी ने सभी दस सीट हासिल की थीं। उस समय हाथरस जिला अलीगढ में शामिल था।
आजादी के बाद हुए विधानसभा चुनाव में कई बार लहरें आई। वर्ष 1977 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ लहर थी। उस समय भारतीय जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हो गया था। जनता पार्टी ने सभी दस सीटों पर विजय हासिल कर ली। वर्ष 1980 के विधानसभा चुनाव में इंदिरा लहर होने के बावजूद कांग्रेस को सिर्फ छह सीट हासिल हुई और चार सीट जनता पार्टी ने कब्जाईं। वर्ष 1985 के विधानसभा चुनाव में फिर इंदिरा लहर थी। कांग्रेस और लोकदल ने चार-चार सीटों पर कब्जा रखा जबकि भारतीय जनता पार्टी ने अतरौली और कोल सीट कब्जाई। वर्ष 1989 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ लहर थी। जनता दल और भारतीय जनता पार्टी गठबंधन सभी दस सीट हासिल नहीं कर सका। जिले की दो विधानसभा सीट इगलास और बरौली कांग्रेस ने कब्जाई। इसके बाद 1991, 1993, 1996, 2002, 2007, 2012 विधानसभा चुनाव में लहरें आईं। फिर भी जिले की सभी विधानसभा सीट किसी भी दल को हासिल नहीं हुई। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनी। जिले की सभी सात सीटों को भाजपा ने कब्जाया और इस बार 2022 के चुनाव में पार्टी ने फिर से सात सीटें जीतकर रिकार्ड कायम कर दिया है।