दिल्ली में कोरोना के चलते सप्ताहांत में लगाए जाने वाले कर्फ्यू के बजाय अब सोमवार रात से लेकर अगले सोमवार की सुबह तक लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर इस संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आवश्यक सेवाएं, खाद्य और मेडिकल सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी। शादी-विवाह में 50 लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति होगी। इसके लिए अलग से पास दिए जाएंगे।
राजधानी में कोरोना की हालत पर उन्होंने कहा कि एक लाख टेस्ट दिल्ली में रोज हो रहे हैं। हमने टेस्ट और मौत के आंकड़ों को नहीं छुपाया। दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था कोलैप्स होने की कगार पर पहुंच गई है। अगर यह चरमरा गई तो बहुत बड़ी त्रासदी हो सकती है।
बीते 24 घंटों में करीब 23,500 कोरोना मामले सामने आए हैं। पिछले तीन-चार दिनों में हर रोज करीब 25 हजार केस मिल रहे हैं। पॉजिटिविटी रेट और इनफेक्शन बढ़ गए हैं। अगर एक दिन में इतने मरीज मिलेंगे को पूरी व्यवस्था चरमरा जाएगी। बेड की भी भारी कमी हो गई है।
मालूम हो कि राजधानी दिल्ली में कोरोना हर रोज रिकॉर्ड तोड़ रहा है। हालात लगातार बदतर होते जा रहे हैं।